देहरादून साइक्लिंग क्लब के संस्थापक हरिसिमरन सिंह को मिला ‘दून आइकॉन अवॉर्ड’, जनस्वास्थ्य एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानित
देहरादून साइक्लिंग क्लब के संस्थापक हरिसिमरन सिंह को मिला ‘दून आइकॉन अवॉर्ड’, जनस्वास्थ्य एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानित
देहरादून
देहरादून साइक्लिंग क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह को जनस्वास्थ्य एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘दून आइकॉन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान देहरादून के महापौर सौरभ भारद्वाज द्वारा YKM रिसॉर्ट्स एंड होटल्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिनांक 1 नवम्बर 2026 प्रदान किया गया।
इस अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब के सचिव हरविंदर सिंह, युवा साइक्लिस्ट प्रणय पंत, कम्युनिटी राइडर आदर्श रावत एवं अवेयरनेस राइडर चित्रांग राघव भी उपस्थित रहे।
देहरादून साइक्लिंग क्लब वर्ष 2013 से लगातार देहरादून में साइक्लिंग को बढ़ावा देने और समाज में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कार्य कर रहा है। क्लब प्रत्येक सप्ताहांत सामुदायिक साइक्लिंग राइड का आयोजन करता है, जिनका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और साइक्लिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
क्लब द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकता अभियानों और साइक्लिंग राइड्स के माध्यम से नशामुक्त देहरादून, प्लास्टिक मुक्त देहरादून, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा तथा जनस्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर निरंतर जागरूकता फैलाई जा रही है। क्लब युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करने का भी कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर क्लब के संस्थापक हरिसिमरन सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पिछले कई वर्षों से क्लब के साथ जुड़े प्रत्येक सदस्य, युवा साइक्लिस्ट और सामाजिक कार्यकर्ता के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि देहरादून साइक्लिंग क्लब भविष्य में भी स्वस्थ, स्वच्छ, सुरक्षित, नशामुक्त और पर्यावरण के अनुकूल देहरादून के निर्माण के लिए अपने प्रयास जारी रखेगा।
क्लब का मानना है कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, स्वच्छ पर्यावरण और सकारात्मक युवा शक्ति के निर्माण का एक सशक्त माध्यम है।
