अंकिता भंडारी हत्याकांड: वीआईपी गेस्ट का नाम सार्वजनिक करने की मांग, अमित शाह के दौरे पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
देहरादून
अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी गेस्ट की पहचान सार्वजनिक करने और मामले से जुड़े अब तक अनुत्तरित सवालों का जवाब देने की मांग को लेकर अधिवक्ता एवं कांग्रेस के धर्मपुर विधानसभा सीट के प्रत्याशी संदीप मोहन चमोली ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे घंटाघर के समीप स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के नीचे संदीप चमोली के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘अमित शाह गो बैक’ और ‘अंकिता भंडारी को न्याय दो’ जैसे नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी गेस्ट का नाम सार्वजनिक किया जाए और जांच से जुड़े सभी महत्वपूर्ण तथ्यों को जनता के सामने रखा जाए।
इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर संदीप मोहन चमोली और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति के दौरान संदीप मोहन चमोली की शर्ट भी फट गई। पुलिस द्वारा संदीप मोहन चमोली को डिटेन भी किया गया l प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और संबंधित जांच एजेंसियों से अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय दिलाने की मांग उठाई।
संदीप मोहन चमोली एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कथित वीआईपी की पहचान सहित मामले से जुड़े सभी सवालों के जवाब सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
