महानवमी के पावन अवसर पर देहरादून साइकिलिंग क्लब का संदेश: “ड्रग फ्री देहरादून” जागरूकता साइकिल राइड का आयोजन

देहरादून।

 

महानवमी के पावन पर्व के शुभ अवसर पर देहरादून साइकिलिंग क्लब (Dehradun Cycling Club) द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और शहर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक साइकिल जागरूकता राइड (Drug Free Dehradun Ride) का सफल आयोजन किया गया।

यह जागरूकता राइड सुबह 5:00 बजे बल्लूपुर से प्रारंभ हुई। राइडर्स बल्लूपुर से रवाना होकर पंडितवाड़ी, प्रेमनगर, नंदा की चौकी, कोटड़ा सन्तोर, फुलसैनी, आमवाला, धौलास होते हुए अपने अंतिम पड़ाव चौकी धौलास पहुंचे, जहाँ राइड का समापन हुआ।

इस राइड का सफल नेतृत्व क्लब के उपाध्यक्ष मनिंदर सिंह और मार्केटिंग प्रमुख रिकी गोस्वामी ने किया।

जागरूकता राइड के दौरान क्लब के उपाध्यक्ष मनिंदर सिंह ने कहा:

“हमारा यह संकल्प है कि हम युवाओं को नशे के बुरे प्रभावों से बचाएं और उनके बीच जागरूकता फैलाएं। देहरादून में कई बड़े कॉलेज और शिक्षण संस्थान हैं। हम चाहते हैं कि हर युवा नशे के दुष्परिणामों को समझे और अपनी ऊर्जा को खेल व स्वास्थ्य में लगाए, ताकि हमारा शहर पूरी तरह से ‘ड्रग फ्री’ बन सके।”

वहीं क्लब के मार्केटिंग प्रमुख रिकी गोस्वामी ने अपने विचार साझा करते हुए बताया:

“हमारा क्लब भविष्य में शहर के सभी प्रमुख स्कूलों और कॉलेजों तक पहुँचने की योजना बना रहा है, ताकि देहरादून को नशा मुक्त बनाने के हमारे इस मुख्य उद्देश्य को धरातल पर पूरा किया जा सके।”

राइड के सफल आयोजन पर क्लब के अध्यक्ष हरसिमरन ने उपाध्यक्ष और मार्केटिंग प्रमुख को बधाई दी और युवाओं का आह्वान करते हुए कहा:

“कल दशहरा है और बुराई पर अच्छाई की जीत का यह सबसे सही समय है। जिस प्रकार हम रावण का दहन करते हैं, उसी प्रकार हमें अपनी जीवनशैली और अपने देहरादून शहर से नशे रूपी सामाजिक बुराई को खत्म करना होगा। युवाओं को साइकिलिंग, रनिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसे सकारात्मक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।”

इस जागरूकता साइकिल राइड में प्रणय पंत, आदर्श रावत, आर्यन चौहान, चित्रांग, मो. हारिस, आरती, सुरिंदर चौहान, जयंती प्रसाद गौड़ सहित क्लब के अनेक सदस्यों और साइकिल चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed