गढ़वाल विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह 1 दिसंबर को, 23 अक्टूबर से शुरू होंगे ऑनलाइन पंजीकरण

गढ़वाल विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह 1 दिसंबर को, 23 अक्टूबर से शुरू होंगे ऑनलाइन पंजीकरण

श्रीनगर (गढ़वाल)

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह 1 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, समारोह में शामिल होने के लिए पात्र अभ्यर्थी 23 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।

विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण विद्यार्थी निर्धारित ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बाद उपाधि प्राप्त करने के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त, वे पीएचडी शोधार्थी भी समारोह में उपाधि प्राप्त कर सकेंगे, जिन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की जा चुकी है अथवा जिनकी मौखिक परीक्षा (वाइवा-वॉइस) 20 नवंबर 2026 तक संपन्न हो चुकी होगी।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 के सभी विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक विजेताओं को समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपाधि एवं पदक प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए प्रति अभ्यर्थी पंजीकरण शुल्क 1,500 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल https://online.hnbgu.ac.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

अधिसूचना के अनुसार, समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने वाले सभी पीजी एवं पीएचडी अभ्यर्थियों के लिए 30 नवंबर को पूर्वाभ्यास में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। पूर्वाभ्यास के दिन सुबह 10:30 बजे से चौरास परिसर स्थित कंप्यूटर विज्ञान विभाग में दीक्षांत समारोह की पोशाक वितरित की जाएगी।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में अपना नाम परीक्षा अभिलेखों के अनुसार अंग्रेजी के बड़े अक्षरों (CAPITAL LETTERS) में भरने तथा सभी आवश्यक जानकारियां सही ढंग से दर्ज करने की सलाह दी है। अधूरे अथवा गलत आवेदन पत्र निरस्त कर दिए जाएंगे। ऑनलाइन माध्यम से समारोह में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की उपाधियां समारोह के बाद डाक से भेजी जाएंगी।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को दीक्षांत समारोह और पूर्वाभ्यास से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.hnbgu.ac.in नियमित रूप से देखने की सलाह दी है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed